पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग में 'विश्व फोटोग्राफी दिवस' के अवसर पर प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता के निर्देशन एवं विभागाध्यक्ष डॉ. बी. एन. जागृत के मार्गदर्शन में "सुंदर संस्कारधानी" थीम पर आधारित फोटो प्रदर्शनी तथा 'फोटो पत्रकारिता' विषय पर अतिथि व्याख्यान का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में एमिटी विश्वविद्यालय, रायपुर के जनसंचार प्राध्यापक डॉ. बिचित्रा नंदा पंडा उपस्थित रहे। उन्होंने प्रोजेक्टर प्रेजेंटेशन के माध्यम से विद्यार्थियों को फोटोग्राफी के मूलभूत सिद्धांतों, सही तकनीक, एंगल और फोटो पत्रकारिता के व्यावहारिक महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर आयोजित फोटो प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने राजनांदगांव की समृद्ध संस्कृति, ऐतिहासिक धरोहरों और प्राकृतिक सुंदरता को समेटती तस्वीरों को रचनात्मक कैप्शन के साथ प्रदर्शित किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन भागवत वर्मा ने किया तथा आभार प्रदर्शन व्याख्याता कु. विभा सिंह द्वारा किया गया। आयोजन को सफल बनाने में विभागीय प्राध्यापक डॉ. अमितेश सोनकर एवं डॉ. रेशमी की विशेष भूमिका रही। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विभाग के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।