शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव में कारगिल विजय दिवस पर विविध प्रतियोगिताओं का आयोजन: राजनांदगांव, 26 जुलाई 2026।

शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, राजनांदगांव के एनसीसी आर्मी विंग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के संयुक्त तत्वावधान में कारगिल विजय दिवस बड़े ही उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, देशभक्ति तथा भारतीय सैनिकों के अद्वितीय साहस एवं बलिदान के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना था। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए डिजिटल पोस्टर प्रतियोगिता, पोस्टर प्रतियोगिता, स्लोगन लेखन प्रतियोगिता एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए कारगिल युद्ध के वीर सैनिकों के शौर्य, पराक्रम एवं राष्ट्रभक्ति को अपने रचनात्मक विचारों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, अनुशासन और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। कारगिल युद्ध में हमारे वीर सैनिकों ने प्रतिकूल परिस्थितियों में भी अद्वितीय वीरता का परिचय देकर भारत का गौरव बढ़ाया। ऐसे वीर जवानों का बलिदान सदैव आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशभक्ति के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने जीवन में अनुशासन, नैतिक मूल्यों एवं राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए देश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी श्री चिरंजीव पाण्डेय ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कारगिल युद्ध के ऐतिहासिक महत्व, भारतीय सेना के शौर्य एवं युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि कारगिल विजय दिवस केवल विजय का उत्सव नहीं, बल्कि उन अमर शहीदों के सर्वोच्च बलिदान को स्मरण करने का दिवस है जिन्होंने मातृभूमि की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान दिया। उन्होंने कैडेट्स एवं विद्यार्थियों से अनुशासन, सेवा, नेतृत्व क्षमता तथा राष्ट्रभक्ति की भावना को अपने जीवन में आत्मसात करने का आग्रह किया।

राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करुणा रावटे ने अपने व्याख्यान में कहा कि कारगिल विजय दिवस हमें राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं देश के प्रति समर्पण का संदेश देता है। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण एवं राष्ट्रहित के कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी विजेताओं एवं प्रतिभागियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा के साथ-साथ उनमें राष्ट्रप्रेम एवं नेतृत्व क्षमता का भी विकास करती हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन एनसीसी आर्मी विंग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त प्रयासों से सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, एनसीसी कैडेट्स, एनएसएस स्वयंसेवक एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए किया गया।