शासकीय दिग्विजय स्वशासी स्नातकोत्तर महाविद्यालय राजनांदगांव के समाजशास्त्र एवं समाज कार्य  विभाग के संयुक्त तत्वाधान में अतिथि व्याख्यान  का आयोजन किया गया। उक्त व्याख्यान का आयोजन प्राचार्य डॉ. सुचित्रा गुप्ता के निर्देशन में तथा  समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. ए. के. मंडावी एवं  समाज कार्य विभागाध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। व्याख्यान हेतु मुख्य वक्ता के रूप में श्री शंकराचार्य प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी भिलाई से समाजशास्त्र विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम को आमंत्रित किया गया। उक्त कार्यक्रम में  प्रोफेसर डॉ. स्नेह कुमार मेश्राम का समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. ए.के. मंडावी के द्वारा पुष्प गुच्छ से स्वागत किया गया । तत्पश्चात प्रोफेसर स्नेह कुमार मेश्राम ने "रिसर्च मेथाडोलॉजी" विषय पर अपना व्याख्यान प्रेषित किया । उनके द्वारा बताया गया कि वर्तमान समाज में अनुसंधान का अपना एक विशेष महत्व है ,अनुसंधान का विषय ऐसा होना चाहिए जो मानव समाज के लिए कल्याणकारी हो तथा किसी तात्कालिक सामाजिक समस्या के निराकरण में सहायक हो। उनके द्वारा अपने व्याख्यान में अनुसंधान के विभिन्न चरणों अन्वेषणात्मक , वर्णनात्मक, प्रयोगात्मक अनुसंधान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विभिन्न गुणात्मक एवं परिमाणात्मक  पद्धति पर विस्तार से जानकारी विद्यार्थियों को दी गई। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन समाज कार्य विभागाध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू द्वारा किया गया। उक्त कार्यक्रम में समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष डॉ. ए. के. मंडावी, समाज कार्य विभागाध्यक्ष श्रीमती ललिता साहू ,अतिथि व्याख्याता डॉ. प्रियंका लोहिया ,श्रीमती चित्रांशा राठौर, सुश्री तारणी साहू, श्रीमती शालिनी सोनी तथा समाज कार्य एवं समाजशास्त्र विभाग के सभी विद्यार्थी उपस्थित रहे।